केंद्रीय पेयजल और स्वच्छता राज्य मंत्री एसएस अहलुवालिया ने कहा कि मैं नीतीश कुमार को क्या उपाधि दूं? सिख रत्न कहूं? पंथ रत्न कहूं? क्या कहूं? मेरा मानना है कि गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 350 वें प्रकाश पर्व और फिर इसके शुकराना समारोह में जो भी नीतीश कुमार ने किया है, वह मानवता की सेवा है। इसकी जितनी भी सराहना की जाए कम है। उनके माता-पिता ने उनका नाम नीतीश कुमार रखा है। मुझे लगता है उनका नाम सरदार नीतीश कुमार होना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि मालसलामी के पास रिकाबगंज में पुराने समय में बड़ी संगत लगती थी। कीर्तन होता था, लंगर चलते थे। उस जमीन पर कब्जा होता चला गया और वह विलोपित हो गया। ऐसे स्थलों समेत गौतम बुद्ध की तरह गुरु सर्किट का आप निर्माण कराएं और ऐसे जगहों को विकसित करें। त्याग-बलिदान के प्रतिमूर्ति थे गुरु गोविंद : मोदी उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी महाराज जैसा व्यक्तित्व बिरले ही पैदा होते हैं। वे त्याग और बलिदान के प्रतिमूर्ति थे। उन्होंने अपने चारों पुत्रों का बलिदान किया था। पिता का भी बलिदान हुआ था। बिहारवासी सौभाग्यशाली हैं कि ऐसे व्यक्तित्व का जन्म बिहार के पटना में हुआ था। बिहार सरकार उनके 350 वें प्रकाशोत्सव पर 50 करोड़ से अधिक खर्च किया था। शुकराना समारोह में भी 50 करोड़ से अधिक खर्च किया गया है। केंद्र सरकार का भी सहयोग मिला था। पटना सिटी में बनने वाले बहुद्देशीय प्रकाश केंद्र और उद्यान निर्माण के लिए भी केंद्र सरकार ने 50.88 करोड़ आवंटित किया है। केंद्र और राज्य मिल कर बिहार के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। सिखों ने दुनिया में पहचान बनायी है : पुरी केंद्रीय शहरी आवास और विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने कहा कि सिखों की आबादी दो करोड़ 70 लाख है। इनमें 82 फीसदी सिख भारत में रहते हैं। संख्या में कम होने के बावजूद सिख समुदाय ने पूरी दुनिया में पहचान बनायी है। यह सिखों की सेवा, लगन, कड़ी मेहनत से हुआ है। वे जहां भी रहते हैं पूरे इलाके का नाम रोशन करते हैं। गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 350वें प्रकाशोत्सव से भव्य शुकराना समारोह के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धन्यवाद दिया। इस मौके पर पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव, पर्यटन मंत्री प्रमोद कुमार, भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री राम नारायण मंडल आदि उपस्थित थे। पदाधिकारियों को किया सम्मानित : इस मौके पर बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था और सुराक्षा के उत्तम व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह, डीजीपी पीके ठाकुर, प्रमंडलीय आयुक्त आनंद किशोर, जिलाधिकारी संजय अग्रवाल और वरीय पुलिस अधीक्षक मनु महाराज को सम्मानित किया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भेजा संदेश : राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के लिखित संदेश को केंद्रीय राज्य मंत्री एसएस अहलुवालिया नें शुकराना समारोह में पढ़ कर सुनाया। राष्ट्रपति ने कहा है कि गुरु गोविंद सिंह जी महाराज एक योद्धा, कवि, दार्शनिक और महान संत थे। गुरु ने अपना संपूर्ण जीवन मानव कल्याण, समानता और शांति के लिए समर्पित कर दिया। हम सभी को उनकी शिक्षा को दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए। उनके बताए मार्ग पर चलकर और ऐसे आदर्श समाज का निर्माण हम सभी को करना चाहिए, जहां भाईचारा और परस्पर सौहार्द की भावनावास कर सकती हो। मैं तख्त श्री हरिमंदिर पटना साहिब कमेटी से संबंधित सभी सदस्यों को अपनी शुभकामनाएं देता हूं। गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 355 वां प्रकाशोत्सव का शुकराना समारोह और 351वां प्रकाश पर्व मनाया जा रहा है। इसमें मैं शामिल होना चाहता था, लेकिन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के कारण नहीं आ सका।
Share To:
Next
This is the most recent post.
Previous
Older Post

Post A Comment:

0 comments so far,add yours